महासमुंद जिले में धान खरीदी सुचारू रूप से जारी - CG Sandesh

महासमुंद जिले में धान खरीदी सुचारू रूप से जारी

बरोंडा बाजार उपार्जन केंद्र में आज 42 किसानों ने सुगमता से धान बेचा

छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी कृषक उन्नति योजना के तहत राज्य सहित महासमुंद जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ गति से चल रहा है। जिले में सभी उपार्जन केंद्रों पर टोकन प्रणाली, इलेक्ट्रॉनिक तौलाई, नमी परीक्षण और पारदर्शी भुगतान व्यवस्था से किसानों में उत्साह है। केंद्रों पर पेयजल, छायादार बैठने की जगह, माइक्रो एटीएम से तत्काल नकद निकासी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे धान बेचने की प्रक्रिया आसान और सुगम बनी हुई है।

इसी क्रम में आज बरोंडाबाजार धान उपार्जन केंद्र में 42 किसानों ने अपना धान विक्रय किया। इस केंद्र पर अब तक की खरीदी निर्बाध रूप से जारी है और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा। केंद्र प्रबंधन द्वारा सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं, जिसमें बारदाना की पर्याप्त उपलब्धता, गुणवत्ता जांच और समयबद्ध तौलाई शामिल है।

धान बेचने आए ग्राम लाफिनकला की किसान दुघदी बाई ने बताया कि उन्होंने आज 25.20 क्विंटल धान का विक्रय किया। उनके पास कुल सवा एकड़ खेती है। उन्होंने बताया कि केंद्र पर पहुंचते ही उनकी धान की नमी जांच, तौलाई और अन्य प्रक्रियाएं तुरंत पूरी हो गईं। उन्हें धान बेचने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रही। उन्होंने राज्य सरकार की व्यवस्थाओं की सराहना की। इसी तरह ग्राम मचेवा के किसान दीनदयाल साहू ने 33.20 क्विंटल धान बेचा।

साहू ने बताया कि उनके पास कुल 3 एकड़ खेती है। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि इससे पूर्व उनकी माताजी दुलारी बाई के नाम पर पंजीकृत 33.60 क्विंटल धान का विक्रय किया था, जिसका भुगतान मात्र 3 दिनों में उनके खाते में प्राप्त हो गया। समय पर भुगतान और सुगम प्रक्रिया से प्रसन्न साहू ने राज्य सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि कृषक उन्नति योजना से किसानों को वास्तविक लाभ मिल रहा है और खेती अब अधिक लाभप्रद हो गई है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें