news

द्वेषपूर्ण निलंबन के विरोध में CMHO मुंगेली का होगा घेराव : टारजन गुप्ता

स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी को बिना निष्पक्ष जांच एवं तथ्यों के, केवल बदले की भावना और व्यक्तिगत अहंकार (इगो) के कारण निलंबित किए जाने के विरोध में प्रदेश अध्यक्ष टारजन गुप्ता के नेतृत्व में कर्मचारियों द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) मुंगेली का घेराव किए जाने की घोषणा की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित कर्मचारी को 4 बिंदुओं का नोटिस जारी कर निलंबित किया गया, किंतु यह नोटिस केवल औपचारिकता भर था। न तो किसी प्रकार की तथ्यात्मक जांच की गई और न ही प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन किया गया। निलंबन की कार्रवाई पहले से तय प्रतीत होती है, जिसे सही ठहराने के लिए नोटिस जारी किया गया।

जिस संस्था में कुल 3 कर्मचारी पदस्थ हैं, वहां हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की जानकारी संधारण एवं रिपोर्टिंग का प्राथमिक दायित्व जिन कर्मचारियों पर था, उन्हें न तो नोटिस दिया गया और न ही उनके विरुद्ध किसी प्रकार की कार्रवाई की गई। इसके विपरीत, जिस कर्मचारी पर केवल अतिरिक्त दायित्व था, उसी को पूरे मामले का दोषी ठहराते हुए निलंबित कर दिया गया।

प्रदेश प्रवक्ता सुरेश पटेल ने कहा यह कार्रवाई स्पष्ट रूप से चयनात्मक, पक्षपातपूर्ण और द्वेषपूर्ण है। बिना जांच, बिना दोष सिद्ध हुए, केवल व्यक्तिगत बदले और इगो के कारण किया गया यह निलंबन न केवल कर्मचारी के सम्मान और आजीविका पर आघात है, बल्कि विभागीय नियमों का भी खुला उल्लंघन है।

कर्मचारी संगठन ने मांग की है कि—संबंधित कर्मचारी का निलंबन तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए। पूरे मामले की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराई जाए।

वास्तविक रूप से जिम्मेदार अधिकारियों/कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए। प्रदेश सचिव प्रवीण और प्रदेश उपाध्यक्ष हरीश जायसवाल ने कहा भविष्य में इस प्रकार की द्वेषपूर्ण कार्रवाई पर रोक लगाई जाए।

प्रदेश आईटी सेल प्रभारी संत साहू ने कहा कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो संगठन द्वारा CMHO कार्यालय मुंगेली का घेराव कर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


अन्य सम्बंधित खबरें