CG : परीक्षार्थियों के लिए विशेष ट्रेनें और अतिरिक्त कोच की होगी सुविधा
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी-एनटीए ने रविवार को होने वाली राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा- स्नातक-नीट-यूजी की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए एक आधिकारिक व्हाट्सएप संचार चैनल शुरू किया है। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि सभी आधिकारिक व्हाट्सएप संदेश केवल उसके सत्यापित नंबर- सात-आठ दो-सात नौ-आठ शून्य-दो आठ-सात (78 27 98 02 87) के माध्यम से भेजे जाएंगे। एजेंसी ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि एनटीए से भेजे गए किसी भी संदेश पर भरोसा करने से पहले नीले सत्यापन चिह्न और “राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी” नाम की जांच कर लें।
इस बीच, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने नीट परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष रेल सेवाओं की व्यवस्था की है। रेलवे द्वारा कोरबा-दुर्ग-कोरबा के बीच मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेनों का संचालन बीस और इक्कीस जून को किया जाएगा। इसके अलावा हसदेव एक्सप्रेस का अस्थायी विस्तार दुर्ग तक किया गया है। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दस ट्रेनों में चालीस अतिरिक्त सामान्य कोच भी लगाए जाएंगे।
इधर, नीट-यूजी के परीक्षा परिणाम और प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों में बढ़ते मानसिक तनाव को देखते हुए बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान-सिम्स ने मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। यह सुविधा मनोरोग विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई है। विद्यार्थी अट्ठारह जून से दो जुलाई तक मोबाइल नंबर - नौ-चार दो पांच-पांच शून्य दो तीन पांच-तीन (9425502353) पर तनाव, चिंता, काउंसिलिंग और प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं के लिए विशेषज्ञों से परामर्श ले सकेंगे।