CG : बिजली दर वृद्धि को लेकर कांग्रेस का भाजपा सरकार पर हमला
पिछले ढाई वर्षों में चार बार बिजली दरों में वृद्धि की गई - दलेश्वर साहू
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम द्वारा जिला अध्यक्ष नवीन जायसवाल के नेतृत्व में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रेस वार्ता प्रभारी एवं डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू ने राज्य सरकार की बिजली नीति को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। दलेश्वर साहू ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार बनने के बाद आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में चार बार बिजली दरों में वृद्धि की गई है, जिससे किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त भार पड़ा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बिजली बिल हाफ जैसी योजनाओं के माध्यम से उपभोक्ताओं को राहत दी गई थी, जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। साहू ने दावा किया कि जून माह में प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में भारी वृद्धि देखने को मिली है, जिससे लोगों में नाराजगी है। साहू ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली दरों में वृद्धि के साथ-साथ 12 प्रतिशत विद्युत शुल्क का अतिरिक्त भार भी उपभोक्ताओं पर डाला गया है।
उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों से उपभोक्ताओं को अपेक्षा से अधिक बिजली बिल मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम के अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही महंगाई और बेरोजगारी की समस्या से जूझ रही है, ऐसे में बढ़ते बिजली बिल लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर निर्बाध बिजली आपूर्ति के अपने वादे पूरे नहीं कर पा रही है, वहीं दूसरी ओर उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
नवीन जायसवाल ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेशभर से अधिक रीडिंग और बढ़े हुए बिलों की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने मांग की कि इन शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की जाए। कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त रूप से मांग की कि बिजली दरों में की गई वृद्धि को वापस लिया जाए, स्मार्ट मीटर व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा कर उपभोक्ताओं को राहत दी जाए। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी। प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक ममता चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।