पीएम आवास योजना सम्बन्धी समस्या अथवा शिकायत के लिए इस नंबर पर करें कॉल
सूरजपुर : प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की पुरानी सूचियों के संतृप्त हो जाने की दशा में भारत सरकार द्वारा आवास प्लस 2.0 के माध्यम से नवीन नियमावली के अनुसार सर्वेक्षण का कार्य कराया गया था। इसी क्रम में कलेक्टर रेना जमील एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेन्द्र सिंह पाटले के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले की ग्राम पंचायतों में सफलतापूर्वक ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया, जिनमें ग्रामीणजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए कार्यवाही में अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।
आवास योजना (ग्रामीण) की दृष्टि से यह ग्राम सभा अत्यंत महत्वपूर्ण रही, क्योंकि आवास की आगामी स्वीकृतियां इसी आधार पर की जानी हैं। शासन के नियमों के अनुरूप आवास योजना अंतर्गत सर्वेक्षित प्रकरणों में से अपात्र परिवारों को हटाने एवं प्राथमिकता क्रम के सही निर्धारण जैसे अति महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी ग्राम सभा को सौंपी गई है। इन कार्यों में आवश्यक पारदर्शिता एवं जनसहभागिता दोनों आज की ग्राम सभाओं में स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुईं।
जिन ग्राम पंचायतों के सचिव एक से अधिक ग्राम पंचायतों के प्रभार में हैं, उनके यहां दिनांक 25 जून अथवा 26 जून 2026 को भी ग्राम सभा प्रस्तावित है। जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अपने ग्राम पंचायत कार्यालय से इसकी जानकारी प्राप्त कर लें तथा ग्राम सभा में अनिवार्य रूप से सम्मिलित होवें, ताकि आवास संबंधी प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके। जिला प्रशासन द्वारा यह भी सूचित किया गया है कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा शिकायत होने पर ग्रामीण अपने नजदीकी जनपद पंचायत, जिला पंचायत अथवा जिला स्तरीय हेल्पलाइन नंबर 9244049285 पर सीधे संपर्क कर सकते हैं।