CG : समय पर पुस्तक नहीं मिलने पर निजी स्कूल संचालकों का धरना, रायपुर में आंदोलन की चेतावनी
छत्तीसगढ़ राज्य अशासकीय विद्यालय संचालक संघ और निजी स्कूलों के शिक्षकों ने पाठ्य पुस्तक निगम की कार्यप्रणाली के विरोध में जांजगीर में धरना-प्रदर्शन किया। निजी स्कूल संचालकों ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से समय पर पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता नहीं होने के कारण विद्यार्थियों और स्कूलों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष निजी स्कूलों को 21 जुलाई से पुस्तकें उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई है, जिसका उन्होंने विरोध किया।
उनका कहना है कि शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बाद पुस्तकें मिलने से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होती है। निजी स्कूल संचालकों ने मांग की कि सरकारी स्कूलों की तर्ज पर संकुल स्तर पर ही निजी स्कूलों के विद्यार्थियों को भी समय पर पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी इस समस्या से संबंधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा गया था, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला।
इस वर्ष भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो रायपुर में राज्य स्तरीय आंदोलन किया जाएगा। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) अशोक सिन्हा ने कहा कि निजी स्कूल संचालकों की मांग से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।