मोदी सरकार का बड़ा कदम, राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का नाम ... - CG Sandesh

मोदी सरकार का बड़ा कदम, राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का नाम किया मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार

ट्वीट कर पीएम ने कहा देशवासियों के आग्रह पर लिया निर्णय

मोदी सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए भारत में खेल के क्षेत्र में दिए जाने वाले सबसे बड़े सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का नाम अब हॉकी के सबसे बड़े खिलाड़ी रहे मेजर ध्यानचंद के नाम पर कर दिया गया है। इस बात की जानकारी खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके दी है। पीएम मोदी ने कहा कि लोगों की भावनाओं को देखते हुए इस अवार्ड का नाम अब मेजर ध्यानचंद के नाम पर किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह घोषणा की कि नागरिकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए खेल रत्न पुरस्कार को अब मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार कहा जाएगा। तोक्यो ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीमों के शानदार प्रदर्शन के बाद इस सम्मान का नाम महान हॉकी खिलाड़ी के नाम पर रखने का फैसला लिया गया । इस फैसले का भारतीय खेल जगत ने स्वागत किया है।

खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदले जाने की जानकारी देते हुए ट्वीट कर पीएम मोदी ने लिखा ''देश को गर्वित कर देने वाले पलों के बीच अनेक देशवासियों का ये आग्रह भी सामने आया है कि खेल रत्न पुरस्कार का नाम मेजर ध्यानचंद जी को समर्पित किया जाए। लोगों की भावनाओं को देखते हुए इसका नाम अब मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार किया जा रहा है. जय हिंद।"

एक अन्य ट्वीट में पीएम मोदी ने कहा, ''ओलंपिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रयासों से हम सभी अभिभूत हैं। विशेषकर हॉकी में हमारे बेटे-बेटियों ने जो इच्छाशक्ति दिखाई है। जीत के प्रति जो ललक दिखाई है, वो वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है।''


अन्य सम्बंधित खबरें