news-details

महासमुंद : छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 2022-23 : संसदीय सचिव चंद्राकर ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया

खिलाड़ियों संग गिल्ली डंडा, बाटी (कंचा), भंवरा और रस्साकसी खेलकर बचपन की यादों को किया ताजा

महासमुंद : ज़िला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में आज गुरुवार 06 अक्टूबर को संसदीय सचिव व महासमुंद विधायक विनोद चंद्राकर ने छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 2022-23 कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने अपने खिलाड़ियों संग बचपन में खेले जाने वाले खेल गिल्ली डंडा, बाटी (कंचा), भंवरा और रस्साकसी खेलकर बचपन की यादों को ताजा किया। इस अवसर पर पार्षद महेन्द्र जैन, मनीष शर्मा, महेन्द्र सिक्का, मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी, जिला खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, गणमान्य नागरिक सहित विभिन्न प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ी उपस्थित थे।

संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर ने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की पारंपरिक खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 2022-23 का आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में हरेली पर्व के साथ ही तीज त्यौहार और छत्तीसगढ़ में खेले जाने वाले पारम्परिक खेल-कूद शुरू हो जाते हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के पारम्परिक खेल और संस्कृति को सहेजने और लोगों को रूबरु कराने के लिए छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक का आयोजन का निर्णय लिया। अब धीरे-धीरे गांव, कस्बे, नगरीय क्षेत्र का रूप लेने लगे है। नयी पीढ़ी के बच्चे अपने पारम्परिक खेल गतिविधियों को भूलते जा रहे है। इस तरह के आयोजन से आने वाले पीढ़ियों को अपनी संस्कृति एवं पारम्परिक खेल गतिविधियों से परिचित कराने के लिए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर महिलाओं ने विभिन्न छत्तीसगढ़ के पारम्परिक खेलों में बडे़ ही उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बतादें कि पूरे छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद ज़िले में 06 अक्टूबर से यह आयोजन 6 चरणों में हो रहा है। इसमें आयु वर्ग 18 तक, 18 से 40 और 40 आयुवर्ग से अधिक उम्र के लोग भाग ले सकते हैं। पहला चरण राजीव युवा मितान क्लब स्तर पर 6 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक होगा। दूसरा ज़ोन बार इसमें आठ क्लब को मिला कर एक ज़ोन होगा। यह 15 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक होगा।

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक 14 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन खेल विधाओं में गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बाटी (कंचा), बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़ और लम्बी कूद की प्रतियोगिताएं तीन आयु वर्ग में आयोजित की जानी है। इसमें 18 वर्ष तक, 18 से 40 और 40 वर्ष से अधिक उम्र की महिला एवं पुरूष प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे।

राजीव युवा मितान क्लब स्तर पर 06 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक पहले स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके बाद जोन स्तर पर 15 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक, विकासखण्ड/नगरीय क्लस्टर स्तर पर प्रतियोगिताएं 27 अक्टूबर से 10 नवम्बर तक आयोजित की जाएंगी। ज़िले में चौथा और अंतिम स्तर जिला स्तर पर 17 नवम्बर से 26 नवम्बर तक आयोजित होगा। इसके बाद यहां के विजेता संभाग स्तर पर 05 दिसम्बर से 14 दिसम्बर तक आयोजित छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में भाग लेंगे। राज्य स्तर पर छठवां स्तर का छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 28 दिसम्बर 2022 से 06 जनवरी 2023 तक खेला जाएगा।




अन्य सम्बंधित खबरें