news-details

महासमुंद : मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान अंतर्गत कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय योजना क्रियान्वयन निगरानी एवं अनुश्रवण समिति की बैठक

महासमुंद : मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान योजना अंतर्गत जिला स्तरीय योजना क्रियान्वयन निगरानी एवं अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। बैठक कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित हुई। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास समीर पांडेय ने मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान अंतर्गत हितग्राही को दिए जा रहे गरम भोजन की त्रैमासिक जानकारी दी। उन्हांने बताया कि जिले में 1787 आंगनबाड़ी केन्द्र है। जिसमें माह दिसम्बर 2022 में लक्षित हितग्राही 6 माह से 3 वर्ष के 6239 कुपोषित बच्चे व 15 से 19 वर्ष के 8606 एनीमिक महिलाओं को गरम भोजन प्रदाया किया गया। इसी प्रकार माह जनवरी 2023 में 5870 बच्चे व 9315 एनीमिक महिलाओं व फरवरी में 4920 कुपोषित बच्चों और 7308 एनीमिक महिलाओं को गरम पौष्टिक भोजन प्रदाय किया गया।

कलेक्टर क्षीरसागर ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य होते हैं। इसीलिए सरकार बच्चों की परवरिश और भविष्य को लेकर कई योजनाएं संचालित करती है। छत्तीसगढ़ में भी बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य और बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए कई प्रकार की सुविधाएं प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान योजना भी उन्हीं में एक है। इस योजना अंतर्गत 6 वर्ष आयु वाले बच्चों को कुपोषण व 15 से 39 वर्ष की आयु के एनीमिक पीड़ित महिलाओं को गरम और पौष्टिक भोजन मुहैय्या कराकर कुपोषण व एनीमिया से मुक्त कराया जा रहा है। इस योजना के सकारात्मक परिणाम के लिए हम सबकी भागीदारी और लोगों का सहयोग भी जरूरी है। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. आलोक, वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत, अपर कलेक्टर दुर्गेश कुमार वर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.आर. बंजारे, जिला कोषालय अधिकारी डी.पी. वर्मा सहित अन्य समिति सदस्य उपस्थित थे।




अन्य सम्बंधित खबरें