जम्मू-कश्मीर आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के कारोबारी को लगी गोली... - CG Sandesh

जम्मू-कश्मीर आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के कारोबारी को लगी गोली, 20 पर्यटकों के मौत की आशंका !

रायपुर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार दोपहर आतंकियों ने पर्यटकों पर फायरिंग कर दी। हमले में एक टूरिस्ट की मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आतंकियों ने टूरिस्ट से नाम पूछा, इसके बाद उसके सिर में गोली मार दी और फायरिंग करते हुए भाग निकले। हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा ने ली है। वहीं इस आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक व्यापारी के घायल होने की खबर सामने आई है। रायपुर के समता कॉलोनी निवासी बिजनेसमैन दिनेश मिरानिया इस हमले में गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिजनेसमैन के बेटे शौर्य मिरानिया से इसकी पुष्टी की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनेश मिरानिया अपने परिवार के साथ जम्मू-कश्मीर यात्रा पर गए हुए थे। उसी दौरान वे आतंकी हमले की चपेट में आ गए। हमले में उन्हें गोली लगी, जिसके बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति के संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन परिवारजन उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही रायपुर स्थित उनके परिजनों और परिचितों में चिंता का माहौल है। जम्मू-कश्मीर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा हमले की जांच की जा रही है। हमले में घायल हुए दिनेश मिरानिया रायपुर के एक सक्रिय व्यवसायी हैं और सामाजिक गतिविधियों में भी भागीदारी निभाते रहे हैं।

पर्यटकों पर अचानक अंधाधुंध गोलीबारी

मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों के एक ग्रुप पर अचानक अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। यह हमला उस समय हुआ, जब कई पर्यटक घुड़सवारी का आनंद ले रहे थे। आतंकवादियों ने घोड़ों पर सवार पर्यटकों को निशाना बनाते हुए करीब 3 से 5 मिनट तक गोलियां बरसाईं। हमले के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए। घायलों को आनन-फानन में अनंतनाग जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस हमले में कुछ घोड़े भी घायल हुए हैं जिन्हें गोलियां लगी हैं। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। भारतीय सेना की विक्टर फोर्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), सीआरपीएफ और अन्य एजेंसियां मिलकर आतंकियों की तलाश में जुट गई हैं। साथ ही घटनास्थल पर CRPF की क्विक रिएक्शन टीम (QAT) को भी भेजा गया है।


अन्य सम्बंधित खबरें