CG : पावर प्लांट में बड़ा हादसा, 45 फीट ऊंचाई से गिरकर वेल्ड... - CG Sandesh

CG : पावर प्लांट में बड़ा हादसा, 45 फीट ऊंचाई से गिरकर वेल्डर की मौत

रायगढ़। कोटमार कोतरलिया स्थित इण्डस एनर्जी पावर प्लांट में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान श्रीकांत कुमार सिंह पिता अर्जून सिंह, निवासी ग्राम देउरी, औरंगाबाद बिहार के रूप में हुई है, जो बीते छह माह से प्लांट में वेल्डर के तौर पर कार्यरत था।

जानकारी के अनुसार, श्रीकांत ऊंचाई पर बने हापर के प्लेटफार्म में चैनल वेल्डिंग का कार्य कर रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वह करीब 45 फीट ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। गिरने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि श्रीकांत ठेकेदार अदालत गिरी के अधीन कार्यरत था और दुर्घटना के समय सुरक्षा उपकरणों की भारी कमी थी। हादसे की सूचना मिलते ही बिहार से परिजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मर्चूरी पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया।

 



परिजनों ने कंपनी प्रबंधन और ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि घटनास्थल पर कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। वहीं, हादसे के बाद ठेकेदार परिजनों के सामने आने से लगातार बचता रहा। पोस्टमार्टम में भी देरी हुई, जिससे परिजनों का आक्रोश और बढ़ गया। परिजनों ने लापरवाह ठेकेदार और इण्डस एनर्जी पावर प्लांट प्रबंधन के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर कंपनी की घोर लापरवाही को उजागर करता है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें