
बसना : भूकेल बस्ती में आयोजित डीजे डांस प्रतियोगिता में सरारा डांस ग्रुप भटगांव प्रथम
छत्तीसगढ़, ओडिशा और उत्तर प्रदेश के कलाकारों ने दिखाई कला संस्कृति की बेहतरीन झलक
सी डी बघेल, बसना।
त्रिपुर सुंदरी दुर्गोत्सव समिति भूकेल बस्ती द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी क्वांर नवरात्र एवं विजयादशमी के उपलक्ष्य में डीजे डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। लेकिन विगत 2 अक्टूबर को विजयादशमी के दिन रात मूसलाधार वर्षा के कारण डांस प्रतियोगिता एवं मां दुर्गा के विसर्जन कार्यक्रम के बाद भंडारा कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था। यह कार्यक्रम दीपावली एवं गोवर्धन पूजा के अवसर पर 21 अक्टूबर की शाम को मां दुर्गा का भंडारा एवं रात्रि में डीजे डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
डीजे डांस प्रतियोगिता का यह कार्यक्रम रात 9 बजे से प्रारंभ होकर सुबह 7:30 बजे तक लगातार चलता रहा। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़, ओडिशा और उत्तर प्रदेश से आए लगभग 50 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कलाकारों ने छत्तीसगढ़ी और ओड़िया लोक संस्कृति, बॉलीवुड , रीमिक्स गीतों, धार्मिक, देशभक्ति और प्रेरणादायक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया निर्णायकों द्वारा प्रदर्शन के आधार पर सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में सरारा भटगांव समूह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 106 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया और ₹10,000 का नगद पुरस्कार प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर हमर सीजी बड़ेसाजापाली टीम रही, जिसे ₹7,000 का पुरस्कार मिला।
वहीं तृतीय स्थान प्रतिमा डांस ग्रुप, जांजगीर-चांपा को मिला, जिसे ₹5,000 की राशि प्रदान की गई। आम्रपाली डांस ग्रुप, कोरबा को ₹3,000, सांवरिया डांस ग्रुप, सलखंड, मन के मीत, कसडोल, वन स्टेप डांस ग्रुप, झारसुगुड़ा (ओडिशा) और मां विंध्यवासिनी डांस ग्रुप, खैरझुड़ी को प्रोत्साहन स्वरूप ₹1,000-₹1,000 की राशि दी गई। युगल नृत्य वर्ग में श्याम–खुशबू (पिथौरा) की जोड़ी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ₹5,100 का प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पवन–हिना (रायपुर) को मिला जिन्हें ₹3,100 प्रदान किए गए, जबकि तृतीय स्थान शेखर–करीना (बागबाहरा) को मिला जिन्हें ₹2,100 की राशि दी गई। साधना सरगम (जांजगीर-चांपा) को ₹1,100 तथा अन्य युगल प्रतिभागियों को प्रोत्साहन पुरस्कार के रूप में ₹500-₹500 की राशि दी गई।
एकल नृत्य वर्ग में शिव तांडव (बनारस, उत्तर प्रदेश) ने दमदार प्रस्तुति देकर ₹3,001 का प्रथम पुरस्कार जीता। द्वितीय स्थान मल्लिका (रायगढ़) को मिला जिन्हें ₹2,001 की राशि दी गई, वहीं तृतीय स्थान भाग्यलक्ष्मी (बरगढ़, ओडिशा) को मिला जिन्हें ₹1,501 का पुरस्कार मिला। सूरज निषाद (झलप) को ₹1,000 तथा जीवन साहू (सिंघनपुर) और राजनंदिनी (रायगढ़) को ₹500-₹500 के प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के समापन अवसर पर समिति के पदाधिकारियों ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई दी और दर्शकों के उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन न केवल क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं बल्कि पारंपरिक कला और संस्कृति को जीवित रखने का माध्यम भी हैं।