ब्रेकिंग : UPSC की सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम जारी, अनुज अग्निहोत्री ने हासिल किया पहला स्थान, देखें टॉपर्स की लिस्ट
डेस्क। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने आज शुक्रवार को यूपीएससी सिविल सेवा 2025 के अंतिम परिणाम जारी कर दिए हैं. अनुज अग्निहोत्री ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में पहला स्थान हासिल किया है. अनुज के बाद राजेश्वरी सुवे एम और आकांश धुल शीर्ष 3 में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं.
सिविल सेवा परीक्षा में पहले 10 स्थान में जगह बनाने वालों में अनुज, राजेश्वरी और आकांश के अलावा राघव झुनझुनवाला, ईशान भटनागर, जीनिया अरोड़ा, ए आर राजा मोहद्दीन, पक्षल सेक्रेटरी, आस्था जैन और उज्जवल प्रियांक शामिल हैं.
पिछले साल 25 मई को सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा हुई थी. जबकि मुख्य परीक्षा 22 अगस्त से 31 अगस्त, 2025 तक कराई गई थी. आखिरी दौर की परीक्षा यानी पर्सनैलिटी टेस्ट या इंटरव्यू 27 फरवरी, 2026 को खत्म हुआ.
संघ लोक सेवा आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 979 पदों पर भर्ती की गई है. पास करने वालों में 180 सफल अभ्यर्थी भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में जाएंगे, जबकि 55 भारतीय विदेश सेवा तो 150 भारतीय पुलिस सेवा में जाएंगे. IAS के लिए 180 पदों में से 74 अनारक्षित हैं, जबकि 28 अनुसूचित जाति, 13 अनुसूचित जनजाति, 47 ओबीसी और 18 ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए रिजर्व है.


