news-details

किसानों, गरीबों और मजदूरों के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता : मंत्री चौबे

प्रदेश के कृषि एवं जलसंसाधन एवं आयकट मंत्री रविन्द्र चौबे कल साजा विकासखण्ड के ग्राम कातलबोड़ मे आयोजित मातर महोत्सव एवं मड़ई मेला मे शामिल हुए और लोगों को अपनी शुभकामनाएं दी। इस दौरान उन्होंने 3.86 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाली 7 किलोमीटर लम्बी सड़क ग्राम निनवा से सेमरिया तक, 3.60 करोड़ रूपए की लागत से खैरझिटी से बरगा तक बनने वाली सड़क निर्माण कार्य एवं 10 लाख रूपए की लागत से कातलबोड़ में निर्मित होने वाले किसान भवन का भूमिपूजन किया। मंत्री चौबे ने इस अवसर पर 12.05 लाख रूपए की लागत वाली पेयजल टंकी का भूमिपूजन एवं 34 लाख रूपए की लागत से निर्मित सीसी रोड का लोकार्पण किया।
 

कृषि मंत्री चौबे ने कहा कि प्रदेश सरकार सही मायने मे किसानों, समाज के कमजोर वर्गों, मजदूरों के हितों की रक्षा करने वाली सरकार है। सरकार ने अपने वायदे के अनुरुप प्राथमिकता से सर्वप्रथम किसानों की कर्जमाफी, बिजली बिल हॉफ, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का वादा निभाया। सुराजी गांव योजना के तहत गांव में गौठान का निर्माण कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने का प्रयास किया। पशुओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए गौठानों के निर्माण के साथ ही गोधन न्याय योजना की शुरूआत की गई। गौठानों को आजीविका केन्द्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। महिला समूहों के माध्यम से यहां वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन के साथ-साथ अन्य आयमूलक गतिविधियां संचालित की जा रही है। गोधन न्याय योजना के अंतर्गत दो रूपए किलो में गोबर की खरीदी होने से पशुपालकों, ग्रामीणों एवं किसानों को अतिरिक्त लाभ मिलने लगा है। पूरे राज्य में औसतन हर महीने 15 करोड़ रूपए की गोबर खरीदी की जा रही है। जिसका सीधा फायदा ग्रामीणों को मिलने लगा है।
 

कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि विकास का सही अर्थ छत्तीसगढ़वासियों को खुशहाल और समृद्ध बनाना है। इसके लिए जरूरी है कि निर्माण के कामों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के लोगों के शिक्षा, स्वास्थ्य, स्व-रोजगार एवं खेती-किसानी सहित आय उपार्जन के अन्य साधनों को विकसित एवं समृद्ध किया जाए। इसी को ध्यान में रखकर मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान शुरू किया गया है, ताकि छत्तीसगढ़ के माताएं एवं बच्चे स्वस्थ्य हो। तभी छत्तीसगढ़ स्वस्थ्य होगा। गरीब परिवार के बच्चे अंग्रेजी माध्यम से निःशुल्क शिक्षा प्राप्त कर सके। इसके लिए निजी प्राइवेट अंग्रेजी मीडियम स्कूलों की तर्ज पर अब सरकार द्वारा भी पूरे राज्य में 52 अंग्रेजी माध्यम स्कूल स्वामी आत्मानंद योजना के तहत शुरू किए गए हैं। अगले साल 100 और अंग्रेजी माध्यम स्कूल शुरू किए जाएंगे। खेती-किसानी को बेहतर बनाने के लिए सरकार द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है। कर्जमाफी, सिंचाई कर माफी के साथ ही राजीव गांधी किसान न्याय योजना के माध्यम से किसानों को मदद दी जा रही है।

इसका परिणाम भी हम सबके सामने है। बीते दो सालों में छत्तीसगढ़ राज्य में खेती-किसानी का रकबा और किसानों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। छत्तीसगढ़ राज्य में इस साल धान खरीदी का रिकॉर्ड भी टूट गया है। अब तक राज्य में 86.50 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है, जो बीते वर्ष समर्थन मूल्य पर क्रय किए गए धान से लगभग 2.50 लाख मीट्रिक टन से भी अधिक है। कार्यक्रम मे जनपद पंचायत अध्यक्ष साजा श्री दिनेश वर्मा, उपध्यक्ष श्रीमती सीमा चंद्राकर के अलावा सर्वश्री-बंशी पटेल, संतोष वर्मा, ओमप्रकश वर्मा, भुनेश्वर चंद्रकार, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आशुतोष चतुर्वेदी उपस्थित थे।




अन्य सम्बंधित खबरें