61 साल के बुजुर्ग ने 7 राज्यों में की 13 शादी , पुलिस ने ऐस... - CG Sandesh

61 साल के बुजुर्ग ने 7 राज्यों में की 13 शादी , पुलिस ने ऐसे धर दबोचा

अक्सर आपने लुटेरी दुल्हनों के किस्से पढ़े और सुने होंगे, लेकिन पहली बार हम आपको लुटेरे दूल्हे के कारनामे से रूबरू करा रहे हैं। यह दूल्हा कोई खूबसूरत और स्मार्ट युवक नहीं, बल्कि 61 साल का एक बुजुर्ग है। यह शातिर कॉनमैन 2002 से 2018 के बीच 18 साल में देश के 7 अलग-अलग राज्यों के 14 शहरों में 13 शादी करने के बाद महिलाओं को ठगकर फरार हो चुका है।

हालांकि इस शख्स की कुल 14 वाइफ हैं, जिनमें करीब 40 साल पहले 1982 में हुई उसकी असली शादी वाली पत्नी भी है। इस शातिर बूढे़ को वेलेंटाइन-डे के दिन ही ओडिशा पुलिस ने भुवनेश्वर में गिरफ्तार किया है।

दरअसल, पिछले साल 2021 में एक महिला ने भुवनेश्वर के महिला थाने में शिकायत की थी। शिकायत में महिला ने बताया था कि रमेश चंद्र स्वांई ने उससे शादी की, जबकि उसकी पहले से ही पत्नी है। शादी के बाद जब उसे इसका पता चला तो रमेश उसे लूटकर भाग निकला। 

पुलिस ने इस शिकायत के बाद रमेश को खोजना शुरू कर दिया और सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान जांच में पता चला कि रमेश को आंध्र प्रदेश पुलिस ने भी ऐसे ही एक मामले में 2011 में गिरफ्तार किया था।

पकड़ा गया रमेश इतना शातिर था कि मेट्रिमोनियल साइट्स के जरिए ठगी की शिकार तलाशता था। वह खुद को होम्योपैथिक डॉक्टर बताता था। उसने साल 2002 से 2018 तक मैरिज साइट पर महिलाओं की प्रोफाइल सर्च की। इस दौरान उनसे संपर्क करता। 

अपनी फेक प्रोफाइल और फोटो दिखाता। कार में लालबत्ती और नेम प्लेट लगाकर फोटो खिंचवाकर अलग-अलग साइट पर पोस्ट करता था। इसके कारण महिलाएं चक्कर में फंस जाती। अगर किसी महिला को संदेह होता तो उसे ब्लॉक कर देता।

इस कथित होम्योपैथी डॉक्टर ने कोलकाता, मुंबई, पंजाब, हैदराबाद, भुवनेश्वर, दिल्ली सहित विभिन्न शहरों की महिलाओं से शादी की है। इन पत्नियों में डॉक्टर, वकील, मॉडल और केंद्रीय कर्मचारी तक शामिल हैं। इन पत्नियों से आरोपी के 5 बेटे भी हैं।

आरोपी रमेश का घर ओडिशा के केन्द्रपाड़ा जिले के भगवानपुर में है। पुलिस ने उससे 11 ATM कार्ड, 4 आधार कार्ड, अलग-अलग परिचय पत्र, एक कार और कई कागजात जब्त किए हैं। साल 2018 में उसने पंजाब के एक गुरुद्वारे में केंद्रीय कर्मचारी से शादी करके 10 लाख ठगे थे।

भुवनेश्वर के DCP उमाशंकर दास ने कहा कि रमेश सबसे ज्यादा असम में रहा है। इसकी 14 में से 9 पत्नियों से पहले ही संपर्क किया जा चुका है। इसकी आर्थिक स्थिति की जांच की जा रही है। रमेश मुख्य रूप से उन महिलाओं को निशाना बनाता है जिन पर भरोसा करने वाला कोई नहीं रहता। बेहतर जांच के लिए एक विशेष टीम बनाई जाएगी और रमेश को रिमांड पर लिया जाएगा। आरोपी ने और किन-किन महिलाओं को ठगा होगा, इसकी भी जांच की जाएगी।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें