टॉपवर्थ स्टील एंड पावर में मजदूरों की हड़ताल, वेतन कटौती और शोषण का आरोप
टॉपवर्थ स्टील एंड पावर के रसमड़ा स्थित प्लांट में काम करने वाले रोलिंग मिल कर्मचारी और ठेका श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वेतन कटौती और श्रम कानूनों के उल्लंघन से नाराज मजदूर एक दिवसीय हड़ताल पर बैठ गए।
मजदूरों का आरोप है कि पहले उनसे 12 घंटे काम लिया जाता था और ओवरटाइम का भुगतान किया जाता था, लेकिन अब कार्य अवधि 8 घंटे कर वेतन में कटौती कर दी गई है। इससे श्रमिकों की आर्थिक स्थिति खराब हो रही है और परिवार चलाना मुश्किल हो गया है।
श्रमिकों ने कंपनी पर श्रम कानूनों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि कर्मचारियों के वेतन से 24 प्रतिशत पीएफ काटा जा रहा है, जबकि नियमानुसार 12 प्रतिशत कर्मचारी और 12 प्रतिशत कंपनी की ओर से जमा होना चाहिए।
ठेका श्रमिकों ने बदसलूकी, गाली-गलौज और समय पर वेतन नहीं मिलने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि वेतन 2 से 3 किश्तों में दिया जा रहा है।
हड़ताल पर बैठे मजदूरों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।