भारत का सबसे भारी उपग्रह लॉन्च, पीएम मोदी ने दी बधाई
ISRO ने LVM3 रॉकेट से नौसेना के लिए CMS-03 उपग्रह लॉन्च किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इसे गर्व का पल बताया और वैज्ञानिकों की मेहनत को भारत की आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कहा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय अंतरिक्ष क्षेत्र की उपलब्धियों की सराहना करते हुए देश के सबसे भारी संचार उपग्रह सीएमएस-03 के सफल प्रक्षेपण को इसे देश के लिए गर्व का पल बताया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के माध्यम से प्रधानमंत्री ने इसरो को इस महत्वपूर्ण कामयाबी के लिए बधाई दी। उन्होंने लिखा कि हमारे अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के अथक प्रयासों से यह क्षेत्र उत्कृष्टता और नवाचार का पर्याय बन गया है।
पीएम मोदी ने इस बात पर भी जोर दिया कि अंतरिक्ष में मिली सफलताओं ने न केवल राष्ट्रीय प्रगति को गति दी है, बल्कि अनगिनत नागरिकों के जीवन को भी सशक्त बनाया है। यह प्रक्षेपण भारत की आत्मनिर्भर अंतरिक्ष क्षमताओं में एक और मील का पत्थर है।
ISRO की सफलता आत्मनिर्भर भारत की मिसाल : ISRO चेयरमैन
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने एक और सफलता अपने नाम की है। इसरो ने LVM3 प्रक्षेपण यान से नौसेना के लिए CMS-03 सैटेलाइट लॉन्च कर इतिहास रच दिया है। 4 हजार 400 किलोग्राम वजनी इस सैटेलाइट के सफलतापूर्वक आर्बिट में स्थापित करने पर इसरो अध्यक्ष डॉ. वी नारायणन ने वैज्ञानिकों, औद्योगिक साझेदारों और अन्य सदस्यों को को बधाई दी है।
इसरो अध्यक्ष डॉ. वी नारायणन ने कहा कि LVM3 यान ने श्रीहरिकोटा प्रक्षेपण केंद्र से सफलतापूर्वक सैटेलाइट को प्रक्षेपित किया। CMS-03 उपग्रह मल्टीबैंड कम्युनिकेशन सैटेलाइट है और करीब 15 साल तक देश की सेवा करेगा। यह सैटेलाइट भारत की भूमि के साथ पूरे समुद्र क्षेत्र की निगरानी करेगा। साथ ही आत्मनिर्भर भारत मुहिम को बल दे रहा है।