news-details

CG : OBC वर्ग के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का मिल रहा अवसर

प्रयास आवासीय विद्यालयों में 10वीं का 99 प्रतिशत से अधिक परिणाम, विद्यार्थियों को मिल रही बहुआयामी सुविधाएं

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की परिकल्पना के अनुरूप राज्य के अन्य पिछड़ा वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण स्कूली शिक्षा के साथ-साथ इंजीनियरिंग, मेडिकल, एन.टी.एस.ई., क्लैट, सी.ए., सी.एस. एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना का संचालन किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत जिला रायपुर में बालक एवं जिला बिलासपुर में बालिका हेतु प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित है।

आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री बाली भविष्य योजना के तहत ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए वर्ष 2025-26 में रायपुर एवं बिलासपुर स्थित प्रयास आवासीय विद्यालयों में कुल 750 सीटें स्वीकृत की गई हैं, जिनमें से 350 विद्यार्थियों का प्रवेश हो चुका है। रायपुर स्थित नवीन प्रयास बालक आवासीय विद्यालय में गणित एवं जीवविज्ञान समूह में 375 सीटें स्वीकृत हैं, जिनमें 350 विद्यार्थी प्रवेश लिए हैं। वहीं बिलासपुर स्थित नवीन प्रयास कन्या आवासीय विद्यालय में गणित एवं जीवविज्ञान समूह के लिए 375 सीटें स्वीकृत हैं।

अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2024-25 में प्रयास आवासीय विद्यालयों का परिणाम अत्यंत उत्कृष्ट रहा है। प्रयास कन्या आवासीय विद्यालय, बिलासपुर में कक्षा 10वीं में पंजीकृत 104 विद्यार्थियों में से सभी 104 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 103 विद्यार्थियों ने 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए तथा केवल 1 विद्यार्थी ने 60 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त की। इसी प्रकार प्रयास बालक आवासीय विद्यालय, रायपुर में कक्षा 10वीं में पंजीकृत 86 विद्यार्थियों में से सभी 86 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए तथा सभी विद्यार्थियों ने 60 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किए। इस प्रकार दोनों विद्यालयों के कुल 190 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 189 विद्यार्थियों ने 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।

विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाएं
प्रयास आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों को आदिम जाति विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पाठ्यपुस्तकें एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं विभाग द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। अध्ययन एवं कोचिंग की व्यवस्था आउटसोर्स के माध्यम से “रुचि की अभिव्यक्ति के तहत चयनित कोचिंग संस्थाओं द्वारा कराई जाती है। विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययन के साथ-साथ इंजीनियरिंग, मेडिकल, सी.ए., सी.एस., क्लैट की कोचिंग प्रदान की जाती है तथा उन्हें एन.टी.एस.ई., विज्ञान पहेली जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सम्मिलित कराया जाता है। विद्यालयों में फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी एवं कम्प्यूटर लैब की सुविधा उपलब्ध है।

प्रत्येक वर्ष विद्यार्थियों को कोचिंग हेतु संदर्भ पुस्तकें निःशुल्क प्रदान की जाती हैं तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सम्मिलित होने हेतु परीक्षा शुल्क भी शासन द्वारा वहन किया जाता है। विद्यार्थियों के लिए खेल एवं मनोरंजन की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं।

लैपटॉप प्रदाय योजना
प्रयास आवासीय विद्यालयों से चयनित वे विद्यार्थी, जिनका वर्तमान शिक्षण सत्र में एप्पल, एच.पी., एच.सी.एल. जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थानों में प्रवेश होता है, उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप लैपटॉप अथवा चेक के माध्यम से राशि प्रदान की जाती है। इसी तरह प्रयास आवासीय विद्यालयों के वे विद्यार्थी जो प्लस टू में प्रवेश लेकर अध्ययनरत हैं, उन्हें प्रति वर्ष प्रति विद्यार्थी 40 हजार रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत भी प्रतिभावान एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हेतु प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत आईआईटी, एआईआईएमएस, आईआईएम, एनएलयू, एमबीबीएस शासकीय मेडिकल एवं इंजीनियरिंग संस्थानों में चयनित विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए एक बार 50 हजार रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के माध्यम से राज्य के अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हेतु सक्षम बनाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सशक्त पहल की जा रही है।


अन्य सम्बंधित खबरें