ऊर्जा नवाचार प्रतियोगिता में पीडी कॉलेज के बच्चों का शानदार प्रदर्शन
शनिवार के दिन पीडी कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गया, जब क्रेडा और शासकीय पालूराम धनानिया वाणिज्य एवं कला महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में ऊर्जा नवाचार प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का ऐसा प्रदर्शन किया कि उपस्थित दर्शक दंग रह गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार एक्का ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को ऊर्जा के महत्व और उसके नवाचारपूर्ण उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी और प्रतिभागियों के मॉडल्स का बारीकी से अवलोकन किया। प्रतियोगिता में प्रस्तुत किए गए मॉडल न केवल तकनीकी दृष्टि से कारगर थे, बल्कि उनमें विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता और मेहनत भी झलक रही थी। इसी क्रम में सर्वप्रथम सहायक प्राध्यापक एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. उषा नायक ने विद्यार्थियों को निबंध और पोस्टर प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए दिषा-निर्देष जारी रखा। परिणाम स्वरूप प्रतियोगी छात्र-छात्राआें ने ऊर्जा संरक्षण और नवाचार पर एक से बढ़कर एक पोस्टर और निबंध प्रस्तुत किए, जिनमें सामाजिक संदेश और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का सुंदर मेल दिखाई दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ ग्रंथपाल डॉ. के. आर. सोनी, सहायक प्राध्यापक डॉ. हेमकुमारी पटेल और डॉ. विमल टंडन ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम संचालन की जिम्मेदारी डॉ. पटेल ने संभाली और अंत में डॉ. नायक ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफलता पूर्वक संपन्न घोषित किया। उल्लेखनीय है कि यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए केवल एक शैक्षणिक गतिविधि नहीं रही, बल्कि उनके आत्मविश्वास, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी को भी उजागर करने का मंच बनी। ऊर्जा नवाचार के इन प्रयासों ने साबित कर दिया कि पीडी कॉलेज के छात्र-छात्राएं भविष्य में समाज को नई दिशा देने में सक्षम हैं।
संजना और ऐष्वर्या ने मारी बाजी
निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं क्रमषः में बीकॉम चतुर्थ सेमेस्टर की संजना सिदार व ऐष्वर्रा प्रथम स्थान पर रही। वही, बीकॉम सेकेन्ड सेमेस्टर से ईषा चौहान व सौम्या चौहान ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। तृतीय स्थान में कड़ी स्पर्धा देखने को मिली, जिसमें क्रमर्षः चतुर्थ सेमेस्टर की नेहा बैरागी और ऐष्वर्या तृतीय स्थान पर अपना नाम दर्ज करने पर सफल रही। इन्हें प्राचार्य एवं आयोजन दल द्वारा स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।