प्रदेश में बन सकते है चार नए जिले और दो नए संभाग - CG Sandesh

प्रदेश में बन सकते है चार नए जिले और दो नए संभाग

छत्तीसगढ़ में भूपेश सरकार गणतंत्र दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ वासियों को नई सौगात दे सकती है. भूपेश सरकार 26 जनवरी के अवसर पर प्रदेश में चार नए जिलों और दो नए संभाग की घोषणा कर सकती है. इसके लिए नए जिलों के सृजन की फाइल खुल गई है. सीएम भूपेश बघेल रायपुर में गणतंत्र दिवस पर मुख्य समारोह को संबोधित करेंगे.

सूत्रों के मुताबिक नए जिलों को लेकर फिलहाल अधिकारी कुछ बताने से बच जरूर रहे हैं, लेकिन अंदरखाने नए जिलों की कवायद चल रही है. बताया जा रहा है कि अगर किसी वजह से गणतंत्र दिवस पर नए जिलों की घोषणा न हो पाई तो भी इस साल स्वतंत्रता दिवस तक चार नए जिले जरूर अस्तित्व में आ जाएंगे. राज्य में चार नए जिलों के साथ ही दो नए संभागों का भी प्रस्ताव है. इसके साथ ही नए जिलों के गठन के बाद प्रदेश में जिलों की संख्या 27 से बढ़कर 31 हो जाएगी.

जिन नए जिलों का प्रस्ताव बना है उसमें राजनंदगांव को काटकर मोहला मानपुर, कांकेर से अलग भानुप्रतापपुर, रायगढ़ से अलग करके सारंगढ़ और बिलासपुर से अलग कर पेंड्रा-मरवाही को जिला बनाया जा सकता है.

प्रदेश में वर्तमान में 5 संभाग हैं इसमें बस्तर, सरगुजा, रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर का नाम शामिल है. अब संभागों की संख्या बढ़ाकर 7 करने की तैयारी चल रही है. बताया जा रहा है कि कांकेर को अलग संभाग बनाकर इसमें बालोद, कुोंडागांव और भानुप्रताप जिले को जोड़ा जा सकता है. दुर्ग संभाग से राजनांदगांव को अलग कर नया संभाग बनाया जा सकता है. इसमें मोहला मानपुर और कवर्धा जिले को शामिल किया जाएगा. इस तरह कांकेर और राजनांदगांव को संभाग बनाया जा सकता है.


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें