news-details

महासमुंद : धान खरीदी के अंतिम दौर में कलेक्टर का सघन निरीक्षण, निगरानी हुई और सख्त

धान खरीदी के अंतिम चरण में जिला प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था और कड़ी कर दी है। कलेक्टर विनय लंगेह लगातार फील्ड में रहकर उपार्जन केंद्रों एवं अंतरराज्यीय जांच चौकियों का सघन निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने सरायपाली विकासखंड के अंतिम छोर पर स्थित उड़ीसा बॉर्डर की सिरपुर चेक पोस्ट, बिरकोल एवं सिंघोड़ा जांच चौकी तथा तोरेसिंहा धान उपर्जान केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रत्येक वाहन के परिवहन दस्तावेजों का बारीकी से अवलोकन किया तथा रजिस्टर में दर्ज प्रविष्टियों का वास्तविक स्थिति से मिलान किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान के अवैध परिवहन, खरीदी एवं बिक्री की किसी भी संभावना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर लंगेह ने सरायपाली के तिहारीपाली उपार्जन केंद्र का भी आकस्मिक निरीक्षण कर धान खरीदी की प्रक्रिया, भंडारण, उठाव एवं स्टॉक की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि धान खरीदी शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी प्रकार की अनियमितता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अंतिम दिनों में अतिरिक्त सतर्कता बरतना आवश्यक है।

उल्लेखनीय है कि उड़ीसा राज्य से धान की संभावित आवक के कारण जिले में अवैध परिवहन और खरीदी-बिक्री की आशंका बनी रहती है। वर्तमान में जप्ती के मामलों में जिला राज्य में अग्रणी बना हुआ है। कलेक्टर प्रतिदिन शाम 6 से 7 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से धान खरीदी की समीक्षा भी कर रहे हैं।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के सभी 182 उपार्जन केंद्रों में नोडल अधिकारी अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन करें और निर्धारित समय-सीमा में रिपोर्ट प्रस्तुत करें। जिन किसानों के टोकन कट चुके हैं लेकिन उन्होंने अभी तक धान विक्रय नहीं किया है, उनका कारण जानते हुए आवश्यकतानुसार उनके भंडारण का सत्यापन करें। उन्होंने कहा कि स्टॉक, उठाव तथा प्रतिदिन की धान खरीदी के आंकड़ों का आपसी मिलान अनिवार्य रूप से किया जाए। किसी भी स्तर पर गड़बड़ी की आशंका होने पर तत्काल जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए। जिन किसानों का टोकन कट गया है, लेकिन अभी तक धान का विक्रय नहीं किया गया है, ऐसे खातों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें। जिन किसानों का धान बिक गया है और रकबा बाकि हैं, उन्हें रकबा समर्पण के लिए प्रोत्साहित करें। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी को पूरी पारदर्शिता और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि धान खरीदी के लिए अब केवल 10 दिन शेष है। जिले में 15 जनवरी की स्थिति में अब तक 745975 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। साथ ही अब तक 1624 हेक्टेयर रकबा का समर्पण कराया गया है।


अन्य सम्बंधित खबरें