CG : हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत, इलाके में दहशत - CG Sandesh

CG : हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत, इलाके में दहशत

बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले के ग्राम पुरुषोत्तमपुर में रविवार की रात एक नर हाथी ने ग्रामीण सुरेश सिंह (48) पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें 100 बिस्तर अस्पताल रामानुजगंज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सुबह करीब तीन बजे उनकी मृत्यु हो गई। वन विभाग ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया और तात्कालिक सहायता के रूप में 25,000 रुपये प्रदान किए गए। वहीं हाथी के हमले के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, सुरेश सिंह रात करीब एक बजे अपने घर में सो रहे थे, तभी घर के पास खेत में मक्के की फसल से आवाज सुनाई दी। इसे भैंस समझकर सुरेश खेत की ओर गए और जानवर को भगाने का प्रयास किया। इस दौरान वे एक नर हाथी की चपेट में आ गए। हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद हाथी जंगल की ओर चला गया। स्थानीय ग्रामीणों और वन विभाग के अमले ने तुरंत सुरेश को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।


एसडीओ (वन) संतोष पांडे ने बताया कि उक्त नर हाथी को छतवा बीट में देखा गया था, जिसके बाद आसपास के गांवों में मुनादी कराई गई थी। हाथी कन्हर नदी पार कर झारखंड की ओर चला गया था, लेकिन बीती रात वह पुरुषोत्तमपुर पहुंच गया। घटना की सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और घायल को अस्पताल ले जाया गया। वन विभाग ने तात्कालिक आर्थिक सहायता स्वजनों को प्रदान की और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें