
मोटापा एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या, इस वजह से बढ़ रही समस्या...
भारत में 2030 तक 2.7 करोड़ बच्चे मोटापा से हो सकते हैं प्रभावित: UNICEF
भारत में मोटापा एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या बनकर उभरा है, खासकर बच्चों में इसका बढ़ता स्तर चिंताजनक है। यूनिसेफ (UNICEF) की एक ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2030 तक भारत में करीब 2 करोड़ 70 लाख बच्चे मोटापे से ग्रसित हो सकते हैं।
रिपोर्ट में बताया गया है कि दुनिया भर में 5 से 19 साल के करीब 9.4% बच्चे मोटापे की चपेट में हैं, जिनकी कुल संख्या लगभग 18 करोड़ (180 मिलियन) है। गौरतलब है कि साल 2000 में यह आंकड़ा महज 3% था, जो अब तेजी से बढ़कर तीन गुना हो गया है।
इतना ही नहीं, रिपोर्ट के अनुसार दुनियाभर में 9.2% बच्चे अंडरवेट यानी कुपोषण का शिकार भी हैं। यह स्थिति दर्शाती है कि कई देश एक साथ कुपोषण और मोटापे दोनों चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।
अमेरिका में जहां 21% बच्चे मोटापे से पीड़ित हैं, वहीं भारत और दक्षिण एशियाई देशों में भी यह फासला तेजी से घट रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि गलत खानपान, शारीरिक गतिविधियों की कमी और बदलती जीवनशैली इसके प्रमुख कारण हैं। यूनिसेफ ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो यह समस्या आने वाले समय में जन स्वास्थ्य के लिए एक बड़ा संकट बन सकती है।