
वक्फ कानून किसी के खिलाफ नहीं, इससे वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में आएगी पारदर्शिता : योगेश्वर राजू सिन्हा
महासमुंद, वक्फ कानून को लेकर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा है कि वक्फ कानून किसी के खिलाफ नहीं है। यह वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। देशभर में इसके खिलाफ अफवाह फैलाया जा रहा है, लेकिन यह किसी के अधिकारों को कम या खत्म नहीं करता है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में विधायक श्री सिन्हा ने कहा है कि यह कानून मुसलमानों के खिलाफ नहीं है। इसका उद्देश्य वक्फ संपत्तियों के कामकाज में सुधार, पारदर्शिता और तकनीक आधारित प्रबंधन है। विपक्ष का काम भ्रम फैलाने का है इसलिए वे इस कानून का विरोध कर रहे हैं। इससे पहले भी जब यह संशोधन बिल दोनों सदनों में पेश किया गया तो कुछ विपक्षी दलों ने इसका विरोध किया। फिर भी यह बिल दोनों सदनों में पारित हो गया। इसके बाद महामहिम राष्ट्रपति जी की मंजूरी के बाद अब यह कानून बन गया है। वहीं जैसे ही यह कानून लागू हुआ देश के कुछ हिस्सों में इसका विरोध भी शुरु हो गया। क्योंकि देश में कुछ ऐसे तत्व हैं जो नहीं चाहते कि देश में एकता और भाईचारा बने रहे। वे हमेशा देश में अशांति फैलाने का कार्य करते हैं।
जेपीसी ने सौंपी रिपोर्ट, फिर हुआ सदनों में पेश
अगस्त 2024 में संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में बिल पेश किया। विपक्ष के विरोध और हंगामे की वजह से इस पर जॉइंट पार्लियामेंट्री कमेटी (जेपीसी) बनाने का फैसला हुआ। कमेटी ने 34 बैठक कीं और कई राज्यों का दौरा किया। कई इस्लामिक विद्वानों और कानून के जानकारों से चर्चा की। जनवरी 2025 में कमेटी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को रिपोर्ट सौंपी। 500 पेज की रिपोर्ट में 14 बदलाव किए गए थे। फिर अप्रैल में यह दोनों सदनों से पारित होकर कानून बन गया।
अन्याय और भ्रष्टाचार के युग का अंत
यह कानून वर्षों से चले आ रहे अन्याय और भ्रष्टाचार के युग का अंत किया है और न्याय व समानता के युग की शुरुआत की है। इस विधेयक के माध्यम से वक्फ बोर्ड और वक्फ संपत्तियां अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और न्यायसंगत होने वाली हैं। यह बिल करोड़ों लोगों को न्याय देने वाला है। इससे निश्चित ही मुस्लिम समुदाय के गरीबों, महिलाओं और बच्चों को लाभ मिलेगा।
अच्छे बदलाव से विपक्ष को है परहेज
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने वक्फ कानून का विरोध कर रहे विपक्ष के पार्टियों के लिए कहा कि देश में अच्छा बदलाव से विपक्ष को हमेशा परहेज रहता है। वक्फ कानून बनते ही इसके खिलाफ कोर्ट तक पहुंच गए हैं। वहीं पश्चिम बंगाल में अशांति का वातावरण बनाया गया। ताकि वक्फ कानून को वापस लिया जाए, लेकिन केंद्र की नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार गलत के आगे कभी घुटने नहीं टेकेगी। अपने सही फैसलों पर हमेशा अडिग रहेगी।
अन्य सम्बंधित खबरें