news-details

महासमुंद : ओलावृष्टि से रबी फसल प्रभावित, मुआवजे की मांग लेकर विधायक से मिले किसान

विधायक ने कहा - विष्णुदेव के सुशासन में किसान भाइयों को नहीं होगी परेशानी

महासमुंद। विगत दिनों हुई बारिश और ओलावृष्टि के चलते पटेवा एवं सिरपुर क्षेत्र में रबी फसलों को हुए नुकसान के संबंध में मंगलवार को क्षेत्र के किसान महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के पास पहुंचे। किसानों ने अपनी समस्या विधायक के समक्ष रखी। विधायक श्री सिन्हा ने उनकी समस्या एवं मांग को सुनकर उनसे चर्चा की। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया है कि फसल नुकसान का मुआवजा उन्हें मिलेगा। इस दौरान जनपद अध्यक्ष दिशा दीवान, मंडल अध्यक्ष डिगेश्वरी चंद्राकर, भाजपा नेता मुन्ना साहू, शम्मी सलूजा, सुनिल पटेल, विकास अग्रवाल, उमेश गोल्डी साहू, जनपद सदस्य सृष्टि ध्रुव सहित अलग-अलग ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच सहित किसान भाई उपस्थित थें।

किसानों ने बताया कि सोमवार की शाम तेज गरज चमक के साथ क्षेत्र में वर्षा हुई। साथ ही तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि भी हुई। इससे उनके द्वारा रबी सीजन में लगाई गई धान की फसल को नुकसान हुआ है। फसल प्रभावित होने से अब उन्हें आर्थिक रूप से भी परेशानी होने का डर सता रहा है। इसलिए वें सभी शासन से मुआवजे की मांग लेकर विधायक के समक्ष उपस्थित हुए हैं। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने किसानों से चर्चा की। साथ ही उनकी परेशानियों को भी सुना। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र के तहसीलदार, एसडीएम, कृषि विभाग के अधिकारी एवं कलेक्टर से इस संबंध में चर्चा की। साथ ही उन्होंने इस संबंध में छत्तीसगढ़ शासन में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा से भी चर्चा की।

विधायक ने किसानों को दिया आश्वासन

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने किसानों को आश्वासन दिलाया है कि प्रक्रिया के तहत सभी ओलावृष्टि प्रभावित किसान भाइयों को मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सुशासन है जो किसानों के साथ हमेशा खड़ी रहती है। इसलिए उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।


इन गांवों के फसल को हुआ नुकसान

किसानों ने बताया कि पटेवा क्षेत्र के नवागांव, ओडार, झिलमिला, बोडरा, ठुमसा, पटेवा, पतई, खट्टा, कोकड़ी, रामखेड़ा, मानपुर, सलिहाभाठा, तोरला, तेंदुवाही, सिनोधा, भावा, रामसागर, बनपचरी, बरेकेल, दर्रीपाली, चिरको, पचपेड़ी, नवागांव (मानपुर) के किसानों की फसल ओलावृष्टि से प्रभावित हुई है। साथ ही सिरपुर क्षेत्र के कुहरी, जलकी, बांसकुढ़ा - 01, बांसकुढ़ा - 02, छपोराडीह, अचानकपुर, सिरपुर में भी फसलों को नुकसान हुआ है।


अन्य सम्बंधित खबरें