CG: कोरबा और बिलासपुर में फूड पॉइजनिंग का कहर, 100 से ज्यादा... - CG Sandesh

CG: कोरबा और बिलासपुर में फूड पॉइजनिंग का कहर, 100 से ज्यादा लोग हुए शिकार.

छत्तीसगढ़ में दो जिलों में फूड पॉइजनिंग से 100 से ज्यादा लोग बीमार हो गए. जिनका अस्पताल में इलाज जारी है. बिलासपुर और कोरबा जिलों में शादी समारोह में भोजन करने के बाद कुल मिलाकर 100 से ज्यादा लोग बीमार पड़ गए. इनमें छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं. सभी को अस्पताल में भर्ती कर इलाज जारी है, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है.

पहला मामला बिलासपुर का, शादी समारोह के बाद हुए फूड पॉइजनिंग का शिकार.

बताया जा रहा है कि, बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र के तुर्काडीह गांव में शादी समारोह के बाद फूड पॉइजनिंग का बड़ा मामला सामने आया है. सतनामीपारा निवासी नीरज सांडे की बेटी की शादी में 23 अप्रैल की रात को तीन अलग-अलग गंजों में खाना बनाया गया था. शादी के अगले दिन सुबह तक 45 लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी. मरीजों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी और उन्हें सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया.

डॉक्टरों के मुताबिक, एक गंज का चावल खराब था, जिससे यह संकट उत्पन्न हुआ. फिलहाल मरीजों की स्थिति स्थिर है लेकिन जागेश्वर नामक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे ICU में भर्ती किया गया है.

कोरबा में बुंदी खाने से बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में इलाज जारी.

इसी दिन कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के भैंसमा गांव में भी एक विवाह समारोह फूड पॉइजनिंग की चपेट में आ गया. यहां पर पैक पॉलिथीन में बंटी बूंदी खाने के कुछ देर बाद ही बच्चों और बड़ों की तबीयत बिगड़ने लगी. और 43 बच्चों समेत 6 वयस्कों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों की टीम देर रात तक इलाज में जुटी रही. इसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.

घटना के बाद निगरानी बढ़ी

बिलासपुर और कोरबा दोनों ही जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों ने गांवों में निगरानी बढ़ा दी है. फूड सेफ्टी अधिकारियों ने शादी समारोह के भोजन के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं. फिलहाल दोनों घटनाओं के पीड़ितों का इलाज जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.


भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें